धुएं से लोगों को हुई सांस लेने में परेशानी, कई परिवारों ने छोड़े घर; अलसुबह तक जारी रहा राहत कार्य
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।कोतवाली थाना क्षेत्र के काली पलटन स्थित वाल्मीकि बस्ती में शनिवार रात एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी की मोटर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे गोदाम से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घने धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए कई परिवार एहतियातन अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और नगर परिषद की तीन दमकलें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए रात करीब 1 बजे आग पर काबू पाया। हालांकि गोदाम में मौजूद कबाड़ में चिंगारियां सुलगती रहने के कारण अलसुबह तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।