(पंकज पोरवाल)
महिला आईटीआई के दीक्षांत समारोह में 2025-26 सत्र की उत्तीर्ण छात्राओं का सम्मान, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी
बालिकाओं को शिक्षित होने के साथ हुनरमंद बनना भी जरूरी है, तकनीकी शिक्षा से मिलेगी आत्मनिर्भरता : श्याम डाड
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।हुनर को पहचान और कौशल को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रमाण पत्र एवं अंकतालिकाएं प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया। रोजगार प्रशिक्षण महानिदेशालय, नई दिल्ली (भारत सरकार) के निर्देशानुसार आयोजित समारोह में सत्र 2025-26 की उत्तीर्ण छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। संस्थान अधीक्षक रचना अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्याम डाड तथा विशिष्ट अतिथि गोविन्द प्रसाद सोडानी एवं राजकुमार बम्ब रहे। अधीक्षक रचना अग्रवाल ने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र से कॉस्मेटोलॉजी (ब्यूटी पार्लर), कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) और फैशन डिजाइनिंग जैसे नए व्यवसाय शुरू किए गए हैं। इसके अलावा सिलाई, कंप्यूटर बेसिक टेक्नोलॉजी तथा मैकेनिक एवं इलेक्ट्रीशियन से संबंधित कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। वर्तमान में संस्थान में 170 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़ा एवं सुव्यवस्थित भवन उपलब्ध है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर कई छात्राएं प्लेसमेंट के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवाएं दे रही हैं। मुख्य अतिथि श्याम डाड एवं विशिष्ट अतिथियों ने तकनीकी शिक्षा की उपयोगिता पर विचार व्यक्त किए। श्याम डाड ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित होने के साथ हुनरमंद बनना भी जरूरी है। व्यावसायिक प्रमाण पत्र और डिप्लोमा हासिल करने के बाद महिलाएं आसानी से रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और सम्मानजनक तरीके से आजीविका चला सकती हैं। इस दौरान कौशल प्रशिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक के माध्यम से मुद्रा योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले ऋण की जानकारी दी गई। साथ ही भारत सरकार के स्किल इंडिया कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अनुदेशक एकता जाटोलिया ने किया। आयोजन में मंसूरअली, इरफान मोहम्मद डायर, राजेश हेमनानी, पवन कुमार स्वर्णकार, द्रोपदी लढा, अन्नपूर्णा पाटोदिया, पूजा दाधीच, मोना गांच्छा, कोनिका टांक, अनिता कुमावत और इकबाल मोहम्मद डायर सहित संस्थान स्टाफ का सहयोग रहा।