नवसृजित ग्राम पंचायत केरोद की नवनिर्वाचित सरपंच सोहनी देवी गुर्जर ने पूजा-अर्चना के साथ संभाला पदभार

पांच साल में गांव-ढाणी तक पहुंचेंगी मूलभूत सुविधाएं, आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल।उनियारा पंचायत समिति क्षेत्र की नवसृजित ग्राम पंचायत केरोद में नवनिर्वाचित सरपंच सोहनी देवी नीमलाल चेची ने शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्राम पंचायत के सभी वार्ड पंचों एवं उपसरपंच सर्जन मीणा सहित संपूर्ण कोरम ने भी पदभार ग्रहण किया।
समारोह में वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ नवसृजित ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
इस मौके पर नवनिर्वाचित सरपंच सोहनी देवी गुर्जर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पांच वर्षों के कार्यकाल में ग्राम पंचायत केरोद क्षेत्र की आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाया जाएगा। पंचायत क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों और ढाणियों में पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।