रुक्मिणी देवी गुप्ता जाते हुए दे गई दो लोगों को नई नेत्र ज्योति
140 किलोमीटर दूर कोटा से शाइन इंडिया फाउंडेशन की टीम ने हेमड़ा पहुंच कर लिया नेत्रदान
रणवीर सिंह चौहान भवानी मंडी
स्मार्ट हलचल/जिले में नेत्रदान के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता बढ़ने लगी है, इसी जागरूकता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हेमड़ा गांव में गुप्ता परिवार में अपनी माताजी का नेत्रदान करवा कर गांववासियों के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है।भारत विकास परिषद के नेत्रदान प्रभारी एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन के नगर संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि शनिवार सुबह हेमड़ा गांव निवासी रामलाल गुप्ता की धर्मपत्नी रुक्मिणी बाई का सामान्य बीमारी के कारण निधन हो गया, समाजसेवी परिवार के यहां पर पहले से ही नेत्रदान की चर्चा थी एवं रुक्मिणी देवी के द्वारा नेत्रदान की इच्छा प्रकट की गई थी, ऐसे में रुक्मिणी देवी के निधन के पश्चात पुत्र कमलेश एवं भतीजे रामरतन गुप्ता के द्वारा शाइन इंडिया फाउंडेशन को नेत्रदान सहमति की सूचना दी गई तथा सूचना प्राप्त होने पर कोटा से डॉ कुलवंत गौड़ ने भवानीमंडी से ज्योति मित्र कमलेश गुप्ता दलाल को साथ लेकर ज्योति-रथ से सुबह 6 बजे हेमड़ा पहुंचकर घर पर उपस्थित सभी परिवारजनों के सामने नेत्रदान प्रक्रिया संपादित करके कोर्निया प्राप्त किया, विशेष रूप से घर की सभी महिलाएं भी नेत्रदान उत्सरण के समय उपस्थित थी, नेत्रदान प्रक्रिया में राधेश्याम, मोहनलाल, मुरलीधर, रामरतन, हेमंतकुमार, मुकेशकुमार, लालचंद, शुभम, पंकज, योगेश आदि का सहयोग रहा। नेत्रदान के पश्चात शाइन इंडिया फाउंडेशन के द्वारा परिवारजनों को नेत्रदान गौरव पट्टिका एवं प्रशस्ति-पत्र दिया गया।
नेत्र उत्सरक डॉ कुलवंत गौड़ ने बताया कि रुक्मिणी देवी का कॉर्निया अच्छा पाया गया है, इसे आई बैंक जयपुर भिजवा दिया गया है जहां यह दो नेत्रहीनों को नई रोशनी दे सकेगा।
कमलेश गुप्ता दलाल के अनुसार यह ग्रामीण क्षेत्र हेमड़ा से दूसरा नेत्रदान प्राप्त हुआ है, इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में रामप्रसाद गुप्ता का भी नेत्रदान गांव हेमड़ा से हुआ है। वही यह मेड़तवाल समाज से 93 वां नेत्रदान प्राप्त हुआ है