बच्चों की आंखों की सुरक्षा के लिए चिकित्सकों ने दिया जागरूकता का संदेश, पोस्टर का किया विमोचन
कोटा, 22 नवंबर। स्मार्ट हलचल।बच्चों और युवाओं में तेजी से बढ़ती निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) की समस्या के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सुवि आई हॉस्पिटल, कोटा के कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय मायोपिया सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईएमए कोटा, कोटा डिवीजनल ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसायटी (केडीओएस) एवं आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान (कोटा चैप्टर) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर जन-जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में नेत्र रोग विशेषज्ञों ने बच्चों में बढ़ते मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के उपयोग को मायोपिया का एक प्रमुख जोखिम बताते हुए चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 तक दुनिया की लगभग आधी आबादी मायोपिया से प्रभावित हो सकती है।
चिकित्सकों ने अभिभावकों और शिक्षकों को सलाह दी कि बच्चों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खुले मैदान में प्राकृतिक रोशनी में खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही स्क्रीन उपयोग के दौरान 20-20-20 नियम अपनाएं और बच्चों की साल में कम से कम एक बार नियमित नेत्र जांच करवाएं।
कार्यक्रम में सुवि आई हॉस्पिटल के डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, डॉ. एस.के. गुप्ता, डॉ. निपुन बागरेचा एवं डॉ. सुभाष गुप्ता सहित आईएमए अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता, सचिव डॉ. अजीत धाकड़, केडीओएस अध्यक्ष डॉ. कमलेश केदावत, सचिव डॉ. राजेंद्र चंदेल एवं आई बैंक सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. के.के. कंजोलिया मौजूद रहे।
इसके अलावा सर्वम इंस्टीट्यूट के शिक्षाविद श्री जितेन्द्र चाँदवानी, श्री परमानंद गोयल, साहित्यकार श्री विजय जोशी एवं डॉ. वैदेही गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों की आंखों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम के अंत में सुवि आई हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।