भक्त भागचंद धाकड़ ने कराया 1100 कन्याओं का भोज, बावन माता व भगवान द्वारकाधीश मंदिर को भेंट किया चांदी का ट्रेलर
काछोला 22 नवंबर -स्मार्ट हलचल।कस्बे में धर्म, आस्था और सेवा की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। कस्बे के निवासी भागचंद धाकड़ (पुत्र श्री खाना लाल धाकड़) ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ 1100 कन्याओं का भव्य भोज आयोजित किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के तहत सर्वप्रथम भगवान द्वारकाधीश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके पश्चात 1100 नन्ही कन्याओं को बड़े ही आदर-सत्कार और प्रेमपूर्वक भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसी क्रम में भागचंद धाकड़ ने कस्बे में मुख्य आस्था के केंद्र भगवान द्वारकाधीश एवं पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध बावन माता के मंदिर पहुंचकर माता के दरबार में शीश नवाया और अपनी आस्था प्रकट करते हुए चांदी से निर्मित एक सुंदर छोटी गाड़ी (ट्रेलर) चढ़ावे के रूप में भेंट की। क्षेत्र में इस पुनीत कार्य और अनूठी भेंट की सर्वत्र सराहना हो रही है।