लांबिया पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस, बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी में सहयोग का किया वादा
रायला/लांबिया।स्मार्ट हलचल।कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के साथी आरिफ खान के इंतकाल की खबर से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार ने आरिफ खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की। उन्होंने कहा कि आरिफ खान का असमय निधन संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार शाम 4 बजे बनेड़ा उपखंड के लांबिया गांव स्थित आरिफ खान के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वे कब्रिस्तान पहुंचे और मरहूम आरिफ खान की कब्र पर फूल पेश कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान चोपदार ने भावुक होते हुए कहा कि आरिफ खान अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। ऐसे में परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार की ओर से मिलने वाली पात्र आर्थिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में केवल संवेदना व्यक्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना भी समाज और संगठन की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष हमीद रंगरेज, पार्षद निसार सिलावट, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. आरसी सामरिया, बनेड़ा जिला ग्रामीण अध्यक्ष इकबाल शाह, चित्तौड़गढ़ से मोहम्मद खान, राजस्थान कायमखानी महासभा के जिला अध्यक्ष सावत खान, मोइनुद्दीन खान (थोलू उस्ताद) सहित गांव के गणमान्य नागरिक, समाजजन एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।