सड़क में हो रहे गड्ढों के कारण आए दिन हो रहे हैं हादसे
सूरौठ।स्मार्ट हलचल।कस्बा सूरौठ में होकर गुजर रहे भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे की सड़क जर्जर होने की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। हिंडौन से बयाना के बीच सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद भी धंधावली टोल प्लाजा पर मनमानी टोल वसूली की जा रही है। वाहन चालकों का कहना है कि जब सड़क पूरी तरह टूटी हुई है तो आरएसआरडीसी की ओर से टोल वसूली किया जाना बिल्कुल ग़लत है। स्टेट हाईवे पर हिंडौन से बयाना के बीच सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है एवं स्थान स्थान पर गड्ढों की भरमार है । आरएसआईडीसी अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी जर्जर सड़क की समस्या का समाधान नहीं करवाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि आरएसआरडीसी के अधिकारी सूरौठ कस्बे में भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर हो रहे गहरे गड्ढों की वजह से बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। कस्बे के लोगों की ओर से मेगा हाईवे सड़क को दुरुस्त करवाने की मांग को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किए जाने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। जिससे आमजन में गहरा रोष व्याप्त है। कई स्थानों पर सड़क पर गंदे पानी व कीचड़ का जमाव होने की वजह से वाहन चालकों को गहरे गड्ढों का भी पता नहीं लग रहा है तथा आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं इसके बावजूद भी आरएसआरडीसी के अधिकारियों की कुंभकरणी नींद अभी तक नहीं खुली है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्र के लोगों ने आरएसआरडीसी के अधिकारियो से भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे सड़क का पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है।