चित्तौड़गढ़ में विहिप का ‘हितचिंतक अभियान’ गति पकड़ेगा, हर वर्ग को जोड़ने की बनी रणनीति

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल।विश्व  (विहिप) की आगामी ‘हितचिंतक अभियान’ की तैयारियों और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को नगर अध्यक्ष बालमुकुंद सोमानी के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने और अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

भीलवाड़ा रोड स्थित शुभम दी मॉल के प्रथम तल पर सायं 3:40 बजे शुरू हुई इस बैठक में चित्तौड़गढ़ नगर के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सभी ने अभियान को सफल बनाने और इसे घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

‘हितचिंतक अभियान’ की कार्यप्रणाली पर रखा जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत के धर्म प्रसार प्रमुख एवं चित्तौड़ जिला पालक मुकेश नाहटा ने ‘हितचिंतक अभियान’ की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह विहिप का एक राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क और सदस्यता अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना, राष्ट्र और धर्म के प्रति जागरूकता लाना तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों से जोड़ना है।

नाहटा ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत कार्यकर्ता केवल औपचारिक सदस्यता ही नहीं दिलाएंगे, बल्कि व्यापारी, श्रमिक, किसान, युवा, मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक-व्यावसायिक वर्गों के घर-घर और प्रतिष्ठानों तक प्रत्यक्ष संपर्क साधेंगे। विहिप द्वारा किए जा रहे सेवा, सुरक्षा और संस्कार के कार्यों से उन्हें अवगत कराकर ‘हितचिंतक’ के रूप में जोड़ा जाएगा, ताकि वे राष्ट्र निर्माण व सामाजिक समरसता के इस महायज्ञ में सक्रिय सहभागी बन सकें।

मोहल्ला स्तर पर टोलियों का गठन

बैठक में नगर की प्रत्येक बस्ती और मोहल्ले तक पहुँचने के लिए विशेष टोलियों के गठन और कार्य विभाजन पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि कोई भी क्षेत्र अभियान की पहुँच से बाहर न रहे।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

नगर प्रचार प्रमुख संजय खाब्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला संयोजक मनोज साहू, जिला सेवा प्रमुख अभिनंदन काबरा, नगर अध्यक्ष बालमुकुंद सोमानी, नगर मंत्री मोहित अरोड़ा, नगर सह मंत्री सुमित हेड़ा, बजरंग दल नगर संयोजक अमन गौड़, धर्म प्रकाश गदिया, लक्ष्मी लाल पायक तथा रघुराज भाटी सहित अन्य दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने चित्तौड़गढ़ नगर में इस अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों को ‘हितचिंतक’ बनाने का आह्वान किया और इसके लिए कटिबद्ध रहने का संकल्प लिया।