नाहरी गांव में बजरी माफिया के आतंक से ग्रामीण परेशान,बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से गर्भवती गाय की मौत का आरोप

अवैध बजरी परिवहन पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अलीगढ़ थानाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी,

* आबादी क्षेत्र से दिन-रात तेज रफ्तार में गुजर रहे ओवरलोड वाहन, अलीगढ़ थाना क्षेत्र में प्रतिदिन 70 से 80 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निकलने का दावा; अकेले नाहरी गांव से 40 से 50 वाहनों की आवाजाही का आरोप, महिलाओं-बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

शिवराज बारवाल मीना

टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा सर्किल अंतर्गत अलीगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बजरी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की तेज रफ्तार और आबादी क्षेत्र से बेरोकटोक आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि जानलेवा खतरा बनती जा रही है। मंगलवार रात्रि को नाहरी गांव में बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से तीन माह की गर्भवती गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों एवं युवाओं में बजरी परिवहन करने वालों तथा जिम्मेदार विभागों के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाहरी गांव से प्रतिदिन करीब 40 से 50 बजरी से भरे ओवरलोड एवं तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आबादी क्षेत्र से गुजरते हैं। वहीं अलीगढ़ थाना क्षेत्र में दिन-रात मिलाकर करीब 70 से 80 या इससे अधिक बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही होने का दावा किया जा रहा है। इन वाहनों के चालक आबादी क्षेत्र में भी रफ्तार कम नहीं करते, जिससे हर समय दुर्घटना एवं जनहानि का अंदेशा बना रहता है।
112 पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों एवं युवाओं ने बताया कि बजरी से भरे वाहनों की तेज रफ्तार और अवैध परिवहन को लेकर कई बार पुलिस के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते मंगलवार रात्रि को सड़क किनारे बैठी तीन माह की गर्भवती गाय को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब बेजुबान पशु भी इन वाहनों से सुरक्षित नहीं हैं तो आबादी क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इन वाहनों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
घटना से आक्रोशित ग्रामीण एवं युवा पंचायत समिति सदस्य कमोद देवी मीणा के प्रतिनिधि अमृतलाल मीणा के नेतृत्व में जसराम मीणा, मायाराम जाट, रामरेश मीणा, गीताराम, सोहनलाल, रोबिन, सूरजकरण, प्रभुलाल मीणा, दीपक, सीताराम, सुनील गौतम, पप्पू सहित अन्य ग्रामीण बुधवार सुबह अलीगढ़ थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थानाधिकारी के नाम सहायक उप निरीक्षक रामचंद्र चौधरी को ज्ञापन सौंपकर नाहरी गांव सहित अलीगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, गाय को टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा गाय के पीड़ित मालिक प्रभुलाल पुत्र सुवालाल मीणा निवासी नाहरी को उचित आर्थिक मुआवजा दिलवाने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन देने पहुंचे नाहरी गांव के युवाओं एवं ग्रामीणों ने मीडिया के सामने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस एवं संबंधित जिम्मेदार विभागों ने अवैध बजरी परिवहन पर शीघ्र प्रभावी रोक नहीं लगाई और आबादी क्षेत्र में तेज रफ्तार से दौड़ते बजरी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो समस्त ग्रामीण एवं युवा एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस एवं प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी जनहानि का इंतजार करने के बजाय समय रहते अवैध बजरी परिवहन पर अंकुश लगाया जाए तथा आबादी क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करवाकर आमजन एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।