उनियारा में खाद की किल्लत से किसान परेशान-घंटों धूप में कतारों में लगकर लेने पड़ रहे टोकन

खाद के 1424 कट्टों की गाड़ी पहुंचते ही उमड़ी किसानों की भारी भीड़, प्रति किसान दो कट्टों के हिसाब से 712 टोकन वितरित,

* एसडीएम सुमन गुर्जर ने किया निरीक्षण, सुबह से ही लगी रही किसानों की लंबी कतारें

शिवराज बारवाल मीना

टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|उनियारा क्षेत्र में खाद की किल्लत के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को खाद के 1424 कट्टों की गाड़ी पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खाद प्राप्त करने के लिए किसानों को घंटों तक तेज धूप में लंबी कतारों में खड़े होकर टोकन लेने को मजबूर होना पड़ा।
सोमवार को एसडीएम कार्यालय के समीप स्थित राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय उनियारा में खाद के टोकन वितरण के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। खाद के कुल 1424 कट्टों के लिए प्रति किसान दो कट्टों के हिसाब से 712 टोकन वितरित किए गए। इस दौरान कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी केदार गुर्जर, कृषि पर्यवेक्षक प्रधान गुर्जर, रामहेत मीणा, नरेश गुर्जर, हेतराम मीणा, कालू नागर, लव कुमार, बलराम नागर, संगीता मीणा एवं मोनिका मीणा सहित अन्य कार्मिकों ने पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में टोकन वितरण करवाया। सोमवार सुबह से शुरू हुई किसानों की लंबी कतारें दोपहर 2 बजे तक भी जारी रहीं। वहीं एसडीएम सुमन गुर्जर एवं उनियारा थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक ओम कंवर ने मौके पर पहुंचकर खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। टोकन लेने के दौरान किसानों में अपनी बारी को लेकर होड़ मची रही। लंबी कतारों के बीच धक्कामुक्की और अव्यवस्थाओं की स्थिति भी देखने को मिली। किसान घंटों तक कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। खाद की किल्लत के चलते किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे रबी फसलों की बुवाई एवं फसल प्रबंधन को लेकर उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाया जाना चाहिए, ताकि उन्हें घंटों धूप में खड़े होकर परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।