सोड़ा-रामजीपुरा में चोरों का आतंक-किसानों के खेत बने निशाना,पुलिस गश्त पर उठे सवाल,

पिछली बार 12 कुओं से केबल चोरी-अब फिर 2 कुओं को बनाया निशाना; लगातार हो रही वारदातों से किसानों में आक्रोश

शिवराज बारवाल मीना

टोंक। स्मार्ट हलचल|मालपुरा उपखंड क्षेत्र के डिग्गी थाना अंतर्गत सोड़ा-रामजीपुरा इलाके में खेतों से केबल चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक बार फिर चोरों ने किसानों के खेतों में बने कुओं को निशाना बनाते हुए दो कुओं से विद्युत केबल चोरी कर ली।
गौरतलब है कि इससे पहले चोर एक साथ 12 खेतों के कुओं से केबल चोरी कर चुके हैं। उस घटना के बाद भी अब तक ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। अब दोबारा दो कुओं को निशाना बनाए जाने से किसानों में भारी नाराजगी है। लगातार हो रही चोरियों के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था बाधित होने की परेशानी भी उठानी पड़ रही है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब पहले एक साथ 12 कुओं से केबल चोरी हुई थी, तो उसके बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए थी। इसके बावजूद दोबारा चोरी की घटना होना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की वारदातों का खुलासा करने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा किसानों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि किसानों के खेतों को चोरों से सुरक्षा कब मिलेगी? क्या पुलिस प्रशासन इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाएगा या किसान इसी तरह चोरी की घटनाओं से परेशान होते रहेंगे?