शिवराज बारवाल मीना
टोंक/पीपलू ।स्मार्ट हलचल|पीपलू उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनवाड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच कमलेश चंदेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्राम पंचायत के सभी वार्ड पंचों एवं उपसरपंच सरोज कंवर सहित संपूर्ण कोरम ने भी पदभार संभाला।
समारोह में ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस मौके पर नवनिर्वाचित सरपंच कमलेश चंदेल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पांच वर्षों के कार्यकाल में ग्राम पंचायत बनवाड़ा क्षेत्र की आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास में सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनहित के कार्य किए जाएंगे।