संविधान के संकल्प से गूंजा न्यायालय परिसर, न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

गांधी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का दिया संदेश

अनिल कुमार खीची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।संविधान दिवस पर गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश गूंजा। जिला बार एसोसिएशन संस्था, ब्यावर के तत्वावधान में आयोजित समारोह में न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं सेशन न्यायाधीश हारून ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के व्यापक और दूरदर्शी संवैधानिक दस्तावेजों में से एक है। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि संविधान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब प्रत्येक नागरिक इसके मूल सिद्धांतों को अपने आचरण और जीवन में उतारे।

कार्यक्रम की शुरुआत न्यायालय परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस अवसर पर एडीजे संख्या-1 विकास सिंह चौधरी, एडीजे संख्या-3 विजय प्रकाश सोनी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनल पारिख, सीजेएम अनिता शर्मा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। बार अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जसवंत सिंह, बार सचिव श्याम प्रताप सिंह, सूर्यकांत चौधरी, नरपत सिंह, हनुमान सिंह राठौड़, सोहन लाल शर्मा, जयप्रकाश जांगिड़ एवं अपर लोक अभियोजक प्रियव्रत सिंह सहित अधिवक्तागण मौजूद रहे। मंच संचालन अधिवक्ता प्रवीण जैन ने किया।