जयपुर, 26 नवंबर।स्मार्ट हलचल|गुरूवार को स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.वी.ई.आर.), जयपुर में संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्थान के अधिष्ठाता प्रो. (डाॅ.) धर्म सिंह मीना ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि भारत की संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। हमारे संविधान को बनने में कुल 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन लगे। प्रो. मीना ने आगे कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उदे्श्य जागरुकता बढ़ाना, जिम्मेदार नागरिकता को प्रोत्साहित करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। हमारे संविधान में मनुष्यों के साथ-साथ पशुओं, वातावरण आदि के लिए भी अधिकारों की व्यवस्था की गई है। प्रो. मीना सभी को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रूवास (जोबनेर) जयपुर के कुलसचिव श्री सावन कुमार चायल ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान विविधता में एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल नियमों का संकलन नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बन्धुत्व का आधार है। यह हमें अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरुक करता है। विशिष्ट अतिथि रूवास की वित्त नियंत्रक डाॅ. शालिनी शर्मा ने कहा कि एकता ही हमारी शक्ति है और हमारे संविधान की प्रस्तावना की शुरूआत भी इसी एकता अर्थात् हम के साथ होती है। आगे उन्होंने कहा कि हमारा संविधान अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। कर्तव्यों के अभाव में अधिकारों का कोई महत्व नहीं होता है। कार्यक्रम को रूवास की अधिष्ठाता, स्नातकोत्तर शिक्षा डाॅ. समिता सैनी, निदेशक प्रसार तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. (डाॅ.) गोविन्द सहाय गौतम तथा निदेशक अनुसंधान एवं अधिष्ठाता, सी.डी.एफ.टी., बस्सी प्रो. (डाॅ.) बलवन्त मेश्राम ने भी सम्बोधित करते हुए सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच संचालन डाॅ. रेणु ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. निर्मल कुमार जेफ ने किया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. निर्मल कुमार जेफ के नेतृत्व में किया गया।