आंगनबाड़ी केंद्र से प्रधान की कुर्सी तक का सफर बना प्रेरणा की कहानी, कांग्रेस के सभी 11 सदस्यों का मिला समर्थन, भाजपा की कोमल कुमावत को मिले 4 मत, खेती-किसानी से जुड़े परिवार की बहू के सिर सजा प्रधान का ताज
मूलचन्द पेसवानी- शाहपुरा।
स्मार्ट हलचल|किसी ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे बच्चों को अक्षर ज्ञान और संस्कारों से जोड़ने वाली एक साधारण महिला एक दिन उसी पंचायत समिति की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालेगी। वक्त ने करवट बदली, परिस्थितियां बदलीं और मेहनत तथा राजनीतिक सफर ने ऐसा मोड़ लिया कि लूलांस पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे चुकीं पुष्पा लढ़ा अब शाहपुरा पंचायत समिति की मुखिया बन गई हैं। कभी बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुष्पा अब पूरे पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगी। उनका यह सफर केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि गांव की जमीन से उठकर नेतृत्व की कुर्सी तक पहुंचने की एक भावनात्मक कहानी भी है।
शाहपुरा पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की पुष्पा लढ़ा ने भाजपा की कोमल कुमावत को पराजित कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। मतदान में कांग्रेस के सभी 11 निर्वाचित सदस्यों ने पुष्पा लढ़ा के पक्ष में मतदान किया, जबकि भाजपा प्रत्याशी कोमल कुमावत को चार मत मिले। इस तरह 11-4 के अंतर से पुष्पा लढ़ा को निर्वाचित घोषित किया गया। रिटर्निंग अधिकारी बनवारीलाल सिनसिनवार ने निर्वाचन की घोषणा करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
आंगनबाड़ी की चैखट से पंचायत समिति के शिखर तक
पुष्पा लढ़ा की जीत का सबसे भावुक पहलू उनका पुराना कार्यक्षेत्र है। वे पूर्व में पंचायत समिति क्षेत्र की लूलांस ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में काम कर चुकी हैं। उस दौर में उनकी जिम्मेदारी छोटे बच्चों की देखभाल, पोषण और शुरुआती शिक्षा से जुड़ी थी। गांव के परिवारों और बच्चों के बीच काम करने का अनुभव उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
आज परिस्थितियां ऐसी बदली हैं कि उसी पंचायत समिति की मुखिया के रूप में उन्हें ग्रामीण विकास की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। पहले उनकी भूमिका गांव के बच्चों और परिवारों तक सीमित थी, अब पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले गांवों की समस्याओं, विकास योजनाओं और जन अपेक्षाओं को समझने तथा उनके समाधान की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
यह बदलाव अपने आप में एक प्रेरक संदेश देता है। सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने के रास्ते हमेशा बड़े राजनीतिक परिवारों या संसाधनों से ही नहीं खुलते, कई बार गांव की गलियों और आमजन के बीच काम करने का अनुभव भी नेतृत्व की नई पहचान बन जाता है।
खेती-किसानी से जुड़े परिवार की बहू
पुष्पा लढ़ा का पारिवारिक जीवन भी ग्रामीण परिवेश से जुड़ा है। उनके पति गांव में खेती-किसानी का कारोबार करते हैं। परिवार का जीवन गांव और कृषि आधारित गतिविधियों के बीच गुजरता रहा है। ऐसे परिवेश से निकलकर पंचायत समिति के प्रधान पद तक पहुंचना उनके सफर को और खास बनाता है।
एक ओर परिवार की ग्रामीण पृष्ठभूमि और दूसरी ओर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में आम परिवारों के बीच काम करने का अनुभव, अब उनके सामने ग्रामीण क्षेत्र की अपेक्षाओं को समझने का अवसर लेकर आया है। क्षेत्र के लोगों को उनसे विकास कार्यों में संवेदनशीलता और जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद रहेगी।
कांग्रेस ने खेला सामाजिक समीकरण का दांव
शाहपुरा पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन के दौरान सामाजिक समीकरण को भी महत्व दिया। प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद कांग्रेस ने सामान्य वर्ग के महाजन समाज से आने वाली पुष्पा लढ़ा पर भरोसा जताया। पार्टी के इस फैसले को सामान्य वर्ग तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की रणनीति के रूप में भी देखा गया।
इससे पहले शाहपुरा नगर पालिका में अध्यक्ष पद सामान्य होने के बावजूद कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग से रमेश सेन को अध्यक्ष बनाया था। इस बार पंचायत समिति में सामान्य वर्ग की महिला को अवसर देकर कांग्रेस ने अपने सामाजिक समीकरण को अलग रूप में सामने रखा।
भाजपा विधायक के क्षेत्र में कांग्रेस का परचम
शाहपुरा की राजनीति में इस चुनाव का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है कि क्षेत्र में भाजपा का विधायक होने के बावजूद पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। पंचायत समिति के 15 सदस्यों में कांग्रेस के 11 और भाजपा के चार सदस्य निर्वाचित हुए थे। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने सभी 11 मत हासिल कर संख्या बल को परिणाम में बदल दिया।
मतदान से पहले कांग्रेस के सदस्य नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन की अगुवाई में मतदान केंद्र पहुंचे। वहीं भाजपा के सदस्य राहुल बोहरा की अगुवाई में मतदान के लिए पहुंचे। मतदान और मतगणना के बाद कांग्रेस की जीत पर मुहर लग गई।
बाहर आतिशबाजी, अंदर शपथय जीत के बाद पुष्पा ने किया अभिवादन
निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही पंचायत समिति परिसर के बाहर कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं। जीत के बाद पुष्पा लढ़ा बाहर पहुंचीं और हाथ जोड़कर समर्थकों का अभिवादन किया। उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रधान निर्वाचित होने के बाद पुष्पा लढ़ा ने कांग्रेस नेतृत्व, पार्टी पदाधिकारियों और सभी निर्वाचित सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। वे कांग्रेस की सिपाही के रूप में शाहपुरा पंचायत समिति क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगी।
अब बच्चों की देखभाल से आगे गांवों के विकास की जिम्मेदारी
पुष्पा लढ़ा के लिए प्रधान पद केवल राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का नया अध्याय है। लूलांस के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच बिताए दिनों से लेकर पंचायत समिति की मुखिया बनने तक का सफर उनके जीवन की उल्लेखनीय उपलब्धि है।
अब सवाल यह नहीं कि उन्होंने चुनाव कितने मतों से जीता, बल्कि यह है कि वे इस भरोसे को विकास के कामों में किस तरह बदलती हैं। जिन गांवों की गलियों और परिवारों के बीच उन्होंने कभी काम किया, आज उन्हीं ग्रामीण अंचलों की उम्मीदें उनके पद से जुड़ी हैं। आंगनबाड़ी की चैखट से शुरू हुआ यह सफर अब पंचायत समिति के विकास की कसौटी पर आगे बढ़ेगा।