बिजौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सरकारी स्कूल से चोरी हुआ कंप्यूटर-लैपटॉप सहित पूरा माल बरामद
(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले के बिजौलिया थाना पुलिस ने सरकारी विद्यालय तिलस्वां में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी करने वाले 2 आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले 1 पुरुष और 1 महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह रही कि चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी बाबूलाल विष्णोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी स्वागत पाण्ड्या की टीम ने यह कार्रवाई की।
दरअसल, 8 अप्रैल 2026 को तिलस्वां के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात चोर स्कूल से 2 कंप्यूटर, 1 लैपटॉप, 2 पंखे, 20 स्कूल बैग, 6 हेडफोन और 1 हार्ड डिस्क चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी और आसूचना के आधार पर रिजवान उर्फ इरफान (24) निवासी पिपलीपुरा, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) और शैतान सिंह उर्फ सोनू (30) निवासी छोटी परलाई, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया और माल ओमप्रकाश (33) निवासी सलावटिया तथा जनता बाई (48) निवासी कास्या को बेचने की बात कबूली।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी का माल खरीदना भी गंभीर अपराध है, ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
