शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|जिले में पुलिस ड्यूटी के दौरान राजकार्य में लापरवाही बरतने पर पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।जिला पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार मीणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार एक एएसआई रामसहाय और एक हेड कांस्टेबल हंसराज को निलंबित किया गया है, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरोनी थाने में तैनात एएसआई रामसहाय तथा निवाई सिटी थाने में कार्यरत हेड कांस्टेबल हंसराज को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही के चलते निलंबित किया गया। वहीं सदर थाना टोंक के दो पुलिसकर्मी और मेहंदवास थाने के एक पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधीक्षक मीणा ने स्पष्ट किया कि पुलिस ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य पुलिस कर्मियों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
