डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर निकली भव्य रैली, ‘जय भीम’ के नारों के बीच मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
रोंपा/पारोली | स्मार्ट हलचल संवाददाता
संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। पारोली, कोठाज और रोंपा में भव्य रैलियों और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में शिक्षा और समानता को बढ़ावा देने का सशक्त संदेश दिया गया।
पारोली से शुरू हुई रैली, ‘जय भीम’ से गूंजा कोठाज और रोंपा
अध्यापक रामेश्वर लाल रेगर ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रातः 8 बजे पारोली से एक विशाल रैली का शुभारंभ हुआ। रैली में मुकेश रैगर, अध्यापक रामेश्वर लाल एवं बाबूलाल मेघवंशी ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद यह रैली कोठाज पहुंची, जहां “जय भीम” और “बाबा साहेब अमर रहें” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इसी क्रम में शाम 4 बजे रोंपा में भी भव्य रैली निकाली गई। यहां भीम आर्मी रोंपा के अध्यक्ष दिनेश कुमार रैगर सहित अनेक वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्षों और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
70% से अधिक अंक लाने वाले प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। अतिथियों का माल्यार्पण एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत करने के पश्चात, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मेघराज (ब्लॉक अध्यक्ष, अम्बेडकर विचार मंच, कोटड़ी) द्वारा इन विद्यार्थियों को बाबा साहेब की तस्वीर व दुपट्टा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष मेघराज, अध्यापक नंदलाल, ओमप्रकाश सालवी, प्रहलाद सालवी, बाबूलाल रैगर, भागचंद बैरवा, नारायण बैरवा, नारायणलाल, मुकेश कुमार रैगर, रामेश्वर लाल अध्यापक, शंकर लाल अध्यापक, चन्द्रालाल अध्यापक, हंसराज रैगर, प्रहलाद रेगर, राजवीर एवं रामपाल रैगर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।
