भक्ति और सामाजिक समरसता का संगम: गेलेश्वर महादेव मंदिर में 1111 कलश व 751 कावड़ियों ने किया भव्य जलाभिषेक

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|हाथीभाटा आश्रम के महंत श्री संत दास जी महाराज के पावन सानिध्य एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक रामपाल चौधरी के नेतृत्व में विशाल कावड़ व कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास से सराबोर इस यात्रा में 1,111 कलशधारी महिलाओं और 751 कावड़ियों ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गुंजायमान कर दिया।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य धार्मिक आयोजन में माण्डल विधायक उदय लाल भड़ाना, पूर्व प्रधान गोपी सारस्वत, ओबीसी मोर्चा के प्रवक्ता नंद लाल गुर्जर तथा श्री डेवलपर्स के सत्यनारायण पारीक सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भगवान शिव का पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
36 कौम ने बिछाए पलक-पावड़े: दिखी सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल
यात्रा के दौरान सर्वसमाज और 36 कौम की अद्भुत एकजुटता देखने को मिली। हाथीभाटा आश्रम से पांसल तक पूरे यात्रा मार्ग में विभिन्न समाजों द्वारा कावड़ियों और कलशधारी महिलाओं का जोरदार एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
मार्ग में माली समाज, रेगर समाज, खटिक समाज, लोहार समाज, जाट समाज, रावणा राजपूत समाज, गाडरी समाज, कुम्हार समाज, धोबी समाज, बलाई समाज, सेन समाज, भील समाज, सुथार समाज, शर्मा समाज एवं अहीर समाज पुरबिया समाज सहित सभी समाजों के प्रबुद्ध नागरिकों व ग्रामीणों ने जगह-जगह मंच बनाकर, पुष्प वर्षा कर और जल-पान की व्यवस्था कर शिवभक्तों का स्वागत किया।

बाबा बर्फानी का दिव्य श्रृंगार व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
यात्रा का मुख्य आकर्षण हाथीभाटा आश्रम पर अमरनाथ की तर्ज पर बर्फ से किया गया बाबा बर्फानी का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार रहा, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं यात्रा में शामिल ऊंट की सवारी और ‘कच्ची घोड़ी’ नृत्य के कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
आयोजक रामपाल चौधरी ने बताया कि यात्रा हाथीभाटा आश्रम से प्रारंभ होकर मार्ग के 12 गांव स्थित शिवालयों में पवित्र गंगाजल से अभिषेक करते हुए पांसल स्थित श्री गेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर प्रांगण में जलाभिषेक व भव्य महाआरती के पश्चात सभी शिवभक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
अंत में चौधरी ने स्वामी विवेकानंद युवा संस्थान और गांव गांव के सभी कार्यकता जिन्होंने इस यात्रा को सफल बनाया उनका धन्यवाद कर आभार जताया