नाकाबंदी तोड़कर खेतों की तरफ भागे तस्कर

बिगोद (भीलवाड़ा)स्मार्ट हलचल|जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बिगोद थाना पुलिस एक्शन मोड में है। पुलिस ने पिछले 24 घंटे के भीतर तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शनिवार (25 अप्रैल) को 45 किलो 50 ग्राम अवैध डोडा चूरा सहित दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागे थे, जिनका पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर खेतों से दबोच लिया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 6.75 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।

नाकाबंदी तोड़कर खेतों की तरफ भागे तस्कर

शनिवार को बिगोद थाने के सामने पुलिस नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान माण्डलगढ़ की तरफ से एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार तेज गति से आई। पुलिस ने उसे रुकवाने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को तेजी से रिको एरिया (बिगोद) की तरफ भगा ले गया। पुलिस टीम ने तुरंत संदिग्ध कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्करों ने रिको एरिया में एक फैक्ट्री के पास कार खड़ी कर दी और पास ही स्थित बनास नदी व खेतों की तरफ पैदल ही भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस जाब्ते ने पीछा कर दोनों तस्करों को धर दबोचा।

जोधपुर और बालोतरा के हैं दोनों तस्कर

कार की तलाशी लेने पर उसमें 45.050 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर मारवाड़ क्षेत्र के हैं।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम

  • दोलाराम विश्नोई (23) पुत्र शिवलाल, निवासी धबा मेलवा (थाना झवर, जिला जोधपुर)
  • महेन्द्र विश्नोई (29) पुत्र जावताराम, निवासी गोरो की ढाणी, डोलीकंला (थाना कल्याणपुरा, जिला बालोतरा)

इस साहसिक कार्रवाई में बिगोद थाने के हैड कांस्टेबल गजराज सिंह, कांस्टेबल दिनेश (विशेष योगदान), सचिन कुमार (विशेष योगदान), भुपेन्द्र सिंह और कैलाश शामिल रहे।