काछोला।स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। इसी कड़ी में जिला विशेष टीम (DST) और काछोला थाना पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजगढ़ के जंगलों से एक लावारिस हुंडई क्रेटा कार (UP 14 CW 8777) पकड़ी है। पुलिस ने कार की तलाशी में 113 किलो 60 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, तस्कर पुलिस को चकमा देकर जंगल के रास्ते मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
राजगढ़ के जंगलों में क्रेटा में मिले 6 कट्टे
शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को डीएसटी के एएसआई अशोक कुमार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि सरहद राजगढ़ के जंगल में एक यूपी नंबर की हुंडई क्रेटा कार संदिग्ध हालत में खड़ी है। सूचना के आधार पर डीएसटी व काछोला थाने की एक संयुक्त टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसके अंदर 6 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 113.060 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, तलाश जारी
अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और क्रेटा कार को जब्त कर काछोला थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और इंजन/चेसिस के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्कर की तलाश कर रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई अशोक कुमार कडवा और कांस्टेबल गोपाल राम का विशेष योगदान रहा।
टीम में काछोला थाने से सउनि इन्द्रराज, सउनि श्रवण कुमार, हैड कांस्टेबल गोपेश कुमार, कांस्टेबल नितेश कुमार, जयनारायण, कांस्टेबल चालक प्यारचन्द तथा डीएसटी से कांस्टेबल शंकर लाल, कन्हैया लाल मीणा और कमल कुमार शामिल रहे।
