कोचरिया में खेत में निकला 8 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

बद्री लाल माली

गुरला;-स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत कोचरिया गांव में किसान मूलचंद कुमावत और लक्ष्मण कुमावत के खेत में अजगर निकलने से हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार खेत में महिलाएं चारा काट रही थी, तभी चारे में छिपा 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। महिलाओं ने शोर मचाया तो किसान लक्ष्मण कुमावत ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही वनपाल चंद्रपाल सिंह राणावत के निर्देशानुसार रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम में वनरक्षक रूपेंद्र सिंह, वनरक्षक दिनेश कुमार रेगर और टेक्नीशियन शंकर लाल विश्नोई शामिल थे।मौके पर देखा तो अजगर खेत के अंदर चारे में छिपा हुआ था। स्थिति को देखते हुए वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत*श ने बड़ी सावधानी और सूझबूझ से अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग ने अहम भूमिका निभाई। वन विभाग की तत्परता से ग्रामीणों का डर खत्म हुआ।

रेस्क्यू के बाद मौके पर जमा हुए ग्रामीणों को वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपील की है कि खेत या आबादी क्षेत्र में किसी भी वन्य जीव, अजगर या जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, स्वयं पकड़ने या मारने का प्रयास न करें।
उन्होंने कहा कि वन्यजीव हमारे पर्यावरण का अभिन्न अंग हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
भारतीय रॉक पाइथन की विशेषतारूपेंद्र सिंह पुरावत ने बताया कि यह भारतीय रॉक पाइथन प्रजाति का अजगर है, जो विशाल और विषहीन होता है। इस प्रजाति की लंबाई 20 फीट तक हो सकती है, जो इसे काफी शक्तिशाली बनाती है। यह प्रजाति भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत पूरी तरह संरक्षित है।रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।