‘मेरा पहला वोट लोकतंत्र के नाम’ का दिया संदेश, EVM-VVPAT और मतदान प्रक्रिया की दी जानकारी
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला स्वीप टीम एवं उपखंड स्वीप टीम ब्यावर के संयुक्त तत्वावधान में मेवाड़ फोर्स डिफेंस एकेडमी में ‘न्यू वोटर’ अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहली बार मतदान करने वाले 65 नव मतदाताओं का तिलक एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान युवाओं को आगामी नगरपालिका/पंचायत आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
एकेडमी के निदेशक शफी कठात ने जिला स्वीप टीम का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवा अपने पहले वोट का प्रयोग जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला स्वीप टीम के सदस्य धीरज जैन, यशपाल शर्मा, सीताराम प्रजापति एवं गोपाल शर्मा ने नव मतदाताओं का अभिनंदन करते हुए उन्हें मतदान के महत्व की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सुनीता कुमारी चौधरी ने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से योग्य उम्मीदवार के चयन के लिए अपने विवेक का उपयोग करने और प्रत्येक चुनाव में मतदान करने का आह्वान किया। साथ ही EVM में उपलब्ध NOTA विकल्प की जानकारी भी दी।
मतदान प्रक्रिया की दी जानकारी
कार्यक्रम में नव मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम, मतदान केंद्र, EVM एवं VVPAT सहित मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। कई बार चुनावी परिणाम कुछ ही मतों के अंतर से तय होते हैं, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
हरीश त्रिपाठी ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं शारीरिक रूप से असमर्थ मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध मतदान सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने और जरूरत पड़ने पर मतदान केंद्र तक पहुंचने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वीप अभियान के यूथ आइकन ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा स्वयं मतदान करे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम के अंत में सभी 65 नव मतदाताओं ने आगामी नगरपालिका/पंचायत आम चुनाव-2026 में स्वयं मतदान करने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
