भक्ति और जन-आस्था का अनूठा कुंभ….. ‘साधो बैंड’, छोटू सिंह रावणा और शोभिनव सत्य के स्वरों पर थिरके हजारों श्रद्धालु

विशेष रिपोर्ट: आकाश शर्मा
चित्तौड़गढ़ । स्मार्ट हलचल|वाह! हमारे माटी के शेर… चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि से लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) के विश्व मंच तक का आपका यह सफर वास्तव में अद्वितीय और हर देशवासी को गौरवान्वित करने वाला है। अभी तक शहरवासियों के दिलों-दिमाग से 2025 ‘राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव’ की अमिट छाप उतरी भी नहीं थी कि फिर से 2026 ‘भजन क्लबिंग’ के माध्यम से पूरे शहर को भक्ति और अध्यात्म के एक धागे में पिरोने का अद्भुत प्रयास किया है । वीरभूमि चित्तौड़गढ़ की पावन धरा पर जो सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महाकुंभ सजा,उसने इतिहास के पन्नों पर एक नया अध्याय लिख दिया है । महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित निजी वाटिका में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ के इस भव्य आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि जब लोक-आस्था, जन-प्रतिनिधियों की सकारात्मक सोच और सुर-संगम का त्रिवेणी संगम होता है, तो पूरा शहर भक्ति के समंदर में गोता लगाने लगता है। इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य अतिथि हमारे क्षेत्र के सांसद सीपी जोशी रहे, जिनकी दूरदर्शी पहल ने आमजन के मन को आध्यात्मिकता की एक नई दिशा दी है । आपके द्वारा संस्कृति, आध्यात्म और लोक-आस्था को सहेजने के ये भागीरथी प्रयास केवल एक आयोजन या कार्यक्रम तक सीमित न रहें। इसे चित्तौड़गढ़ की एक अमर परंपरा के रूप में हमेशा निभाया जाता रहे । सत्ता या सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन भक्ति, संस्कृति और अपनों को एक सूत्र में पिरोने की यह पावन परंपरा निर्बाध रूप से निरंतर जारी रहनी चाहिए । दिसंबर के महीने में एक बार फिर स्वदेशी की गूंज से पूरा शहर गुंजायमान होगा। इस महोत्सव को लेकर शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों में अभी से भारी उत्साह देखा जा रहा है।

लोक-मन को जोड़ने का सफल प्रयास
आज के इस भौतिकवादी दौर में जहाँ लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दूर भाग रहे हैं, वहीं सांसद सी.पी. जोशी का यह अनूठा प्रयास लोगों को पुनः अपनी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। चित्तौड़गढ़ में आयोजित इस भजन संध्या में उमड़ा हजारों दर्शकों का यह सैलाब इस बात का गवाह है कि जनता के दिलों में आज भी अपने आराध्यों और संस्कृति के प्रति अगाध प्रेम और सम्मान जीवित है । कार्यक्रम की शुरुआत रात आठ बजे माँ दुर्गा की प्रतिमा की पावन पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को पवित्र ऊर्जा से भर दिया।

जब सुरों और भजनों पर झूमा पूरा चित्तौड़गढ़
इस भव्य संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने अपनी ओजस्वी और बुलंद आवाज़ से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल थिरकने पर मजबूर हो गया । उनके गाए लोकप्रिय भजन “जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं” और “तीन बाण के धारी” ने उपस्थित श्रोताओं के रोंगटे खड़े कर दिए। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बनी बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में महान संत नीम करोली बाबा के मुख्य किरदार को जीवंत करने वाले प्रतिभाशाली अभिनेता और गायक शोभिनव सत्य की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। जब शोभिनव सत्य ने मंच से चित्तौड़गढ़ की धरा को नमन करते हुए एकलिंगनाथ, कालिका माता, सांवलिया सेठ, खाटू श्याम, महाराणा प्रताप और माता पद्मिनी के जयकारे लगवाए, तो पूरा वातावरण गगनभेदी नारों से गूंज उठा । उन्होंने इसे ईश्वर की असीम कृपा और अपने जीवन का एक अत्यंत अलौकिक अनुभव बताया। गौरतलब है कि  फिल्म में युवा नीम करोली बाबा का मुख्य लीड रोल निभाने वाले शोभिनव सत्य की कहानी किसी फिल्मी चमत्कार से कम नहीं है। वे मूल रूप से इस फिल्म में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर (सहायक निर्देशक) और सेट पर अन्य कामकाज संभाल रहे थे। जब अचानक मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब हो गई और शूटिंग का पूरा सेट तैयार था, तब निर्देशक ने उनका स्क्रीन टेस्ट लिया और उन्हें मुख्य भूमिका सौंप दी। यह उनकी बतौर अभिनेता पहली फिल्म है। वहीं दूसरी ओर, ‘साधो भजन बैंड’ ने अपनी अनूठी फ्यूजन शैली और मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा, जिसके बीच हुई भव्य आतिशबाजी ने इस रात को हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

प्रशासनिक उत्कृष्टता और जनसहयोग की मिसाल
इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति के बावजूद, इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता इसकी सुव्यवस्थित व्यवस्था रही। रतन बाग में की गई सुदृढ़ पार्किंग व्यवस्था तथा पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा और यातायात प्रबंधन ने यह सुनिश्चित किया कि हर एक नागरिक बिना किसी असुविधा के इस पावन उत्सव का आनंद ले सके।  प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी ने अनुशासन की एक बेहतरीन मिसाल पेश की। इस गरिमामयी आयोजन में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, हर्षवर्धन सिंह रूद, के साथ ही तमाम गणमान्य जनप्रतिनिधि व भाजपा नेता अतिथि दीर्घा में उपस्थित रहे । यह आयोजन केवल एक संगीत संध्या नहीं था, बल्कि यह इस बात का प्रमाण था कि चित्तौड़गढ़ की माटी में भक्ति, संस्कृति और आपसी भाईचारा आज भी सर्वोच्च स्थान पर है। सांसद सी.पी. जोशी के मार्गदर्शन और आयोजकों की मेहनत से सजा यह ‘भजन क्लबिंग’ का मंच आने वाले समय में सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक नया पैमाना तय करेगा !