पांच दिन निराहार रहकर श्रद्धालु महिलाएं करेंगी भगवान की आराधना, घंटी-मंजीरों और हरि कीर्तन से मंदिर हुए भक्तिमय
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल।कार्तिक मास के समापन की ओर बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल परवान पर है। कार्तिक स्नान करने वाली श्रद्धालु महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिरों में घंटी, मंजीरों और हरि नाम संकीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
उनियारा नगर के विभिन्न मंदिरों और मुख्य बाजार स्थित राम रघुनाथ मंदिर में प्रतिदिन सुबह श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं अलसुबह स्नान कर पूजा की थाली लेकर मंदिरों की ओर रवाना होती हैं। मंदिर में निर्धारित स्थान पर बैठकर भगवान की पूजा-अर्चना, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और सामूहिक कीर्तन करती हैं। विवाहित महिलाओं के साथ कुंवारी कन्याएं भी कार्तिक स्नान कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य अर्जित कर रही हैं। इस दौरान मंदिरों में भगवान की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई जा रही हैं। श्रद्धालु महिलाएं भगवान को भोग लगाकर सामूहिक आरती करती हैं तथा सूर्योदय के साथ अपने घरों की ओर लौट जाती हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु महिलाएं विभिन्न पवित्र स्थानों पर पहुंचकर दीपदान करेंगी।
भीष्म पंचक व्रत शुरू, पांच दिन रहेगी विशेष आराधना
देवउठनी एकादशी के साथ ही कार्तिक स्नान करने वाली श्रद्धालु महिलाओं के भीष्म पंचक व्रत भी शुरू हो गए हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन पांच दिनों में श्रद्धालु महिलाएं व्रत, उपवास और विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान की आराधना करती हैं। कई श्रद्धालु निराहार रहकर कठिन तप और संयम का पालन करती हैं। भक्त रमेश जांगिड़ ने बताया कि महाभारत काल में बाणों की शय्या पर लेटे भीष्म पितामह ने भगवान श्रीकृष्ण की उपस्थिति में पांडवों को राजधर्म, मोक्ष और भक्ति का ज्ञान दिया था। भीष्म पितामह की निष्ठा, संयम और प्रभु स्मरण से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने कार्तिक मास के अंतिम पांच दिनों को भीष्म पंचक के रूप में विशेष महत्व प्रदान किया। धार्मिक मान्यता है कि इन पांच दिनों में व्रत, पूजा-अर्चना और दीपदान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इससे पापों का नाश, मन की शुद्धि और आत्मसंयम में वृद्धि होती है। भीष्म पंचक की यह अवधि कार्तिक मास का समापन भक्ति, सात्विकता और सेवा भाव के साथ करने का विशेष अवसर मानी जाती है।