(दीपक राठौर)
बिजौलिया|स्मार्ट हलचल।चांदजी की खेड़ी स्थित श्री तिलस्वा नाथ गौशाला में ऊपरमाल बिजौलिया क्षेत्रवासियों के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सत्संग के चौथे दिन आज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। कथा 24 नवंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक कथावाचक हरिओम बनेट के श्रीमुख से भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।
कथा वाचक हरिओम बनेट ने कहा कि इस संसार में आस भगवान के अलावा दूसरे से नहीं करनी चाहिए व विश्वास भगवान के अलावा संसार पर नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन में विष निकलने पर भगवान महादेव ने विष को कंठ में धारण कर लिया और यह संदेश दिया कि जीवन में कितना भी जहर आए, उसे अंदर भी नहीं उतारना है व बाहर भी किसी को नहीं कहना है।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर भजनों और कीर्तन का आनंद लिया और आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में धार्मिक उत्साह बना रहा। कथा के दौरान गौ सम्मान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों से गौ माता की रक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।