ब्यावर के विकास को रफ्तार: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4705.90 करोड़ की वार्षिक साख योजना मंजूर

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिले के विकास और वित्तीय समावेशन को गति देने के लिए सोमवार को जिला सभागार में जिला स्तरीय परामर्श एवं समीक्षा समिति (DLCC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की 4705.90 करोड़ रुपये की संशोधित वार्षिक साख योजना (Annual Credit Plan) को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (मार्च 2026) के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर श्री मीना ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिले के सभी बैंकर्स को सख्त निर्देश दिए कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले हर हाल में पूरा किया जाए।

लंबित लोन आवेदनों पर संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने बैंकों में लंबित पड़े ऋण (Loan) और अन्य आवेदनों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बैंकर्स को सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने इन मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा ताकि आमजन और लाभार्थियों को समय पर आर्थिक मदद मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी विभागों और बैंकर्स के बीच बेहतर समन्वय (Coordination) स्थापित करने के निर्देश दिए।

Re-KYC में तेजी और कृषि विकास पर जोर
बैठक में मौजूद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), जयपुर के सहायक महाप्रबंधक मनीष मांडल ने बैंक खातों में री-केवाईसी (Re-KYC) की धीमी प्रगति पर चर्चा की और लंबित मामलों को तुरंत निपटाने के निर्देश दिए।

वहीं, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) आशीष जैन ने कृषि क्षेत्र की मजबूती पर जोर देते हुए कृषि अवसंरचना (Agriculture Infrastructure) के विकास और विस्तार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव व दिशा-निर्देश साझा किए।

बैंकिंग नेटवर्क और CD Ratio की समीक्षा
बैठक की शुरुआत और संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) राजेश कुमार परमार ने किया। उन्होंने ब्यावर जिले के संपूर्ण बैंकिंग नेटवर्क, बैंक शाखाओं के साख-जमा अनुपात (CD Ratio), पिछले वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों तथा एनपीए (NPA) खातों की वर्तमान स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक के समापन पर बैंक ऑफ बड़ौदा के उप क्षेत्रीय प्रमुख टी.एस. शेखावत ने जिला कलेक्टर सहित सभी विभागों के अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।