पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान वाहन में आग लग गई, जिससे दोनों लोग उसकी चपेट में आ गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका।जिले में चंडीगढ़-सरहिंद मार्ग पर बुधवार देर रात करीब 11 बजे गांव पीर जैन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चंडीगढ़ की दिशा से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे अचानक भीषण आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस दुर्घटना में स्कूटी पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान गांव कोटला बजवाड़ा के रहने वाले 42 वर्षीय मनदीप सिंह और गांव मानूपुर की निवासी 25 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
