विशेष अभियान के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जब्त वाहन थाना परिसर में खड़े करवाए; माफियाओं में मचा हड़कंप

विशेष अभियान के तहत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जब्त वाहन थाना परिसर में खड़े करवाए; माफियाओं में मचा हड़कंप

जहाजपुर (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)

क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जहाजपुर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन में संलिप्त 9 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवाया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

नाकाबंदी कर बिना रवन्ने और रॉयल्टी के वाहनों को पकड़ा

जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र की नदियों और आसपास के स्थानों से अवैध रूप से बजरी निकालकर चोरी-छिपे परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके मद्देनजर जहाजपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान बिना वैध रॉयल्टी और आवश्यक दस्तावेजों के बजरी भरकर ले जाई जा रही 9 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

‘अवैध खनन के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान’

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बजरी चोरी के खिलाफ जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खनिज विभाग एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है।

माफियाओं को पुलिस की कड़ी चेतावनी

गौरतलब है कि जहाजपुर क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन लंबे समय से प्रशासन और पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई अवैध बजरी कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे सघन अभियान जारी रहेंगे और अवैध खनन या चोरी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।