चेक अनादरण के मामले में अभियुक्त को एक साल की सजा, 2 लाख रुपए जुर्माना

न्यायिक मजिस्ट्रेट तमन्ना कुमारी की अदालत ने सुनाया फैसला; जुर्माना अदा नहीं करने पर तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास

चित्तौड़गढ़, 13 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|चेक अनादरण के एक मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट तमन्ना कुमारी ने अभियुक्त को दोषसिद्ध करते हुए एक वर्ष के साधारण कारावास और 2 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अभियुक्त को तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।प्रकरण के अनुसार, गांधीनगर निवासी परिवादी आरीफ मोहम्मद शोरगर पुत्र चांद मुबारक ने अपने अधिवक्ताओं रत्नेश कुमार जैन (बोहरा), विशाल सिंह भाटी, मोनिका जैन और परिक्षित कल के माध्यम से अभियुक्त प्रवीण रेगर पुत्र मांगीलाल निवासी राजीव नगर, कच्ची बस्ती, गांधीनगर के विरुद्ध चेक अनादरण का परिवाद पेश किया था।

परिवाद में बताया गया कि अभियुक्त ने अपने व्यवसाय, घरेलू खर्च और कर्ज अदायगी के लिए परिवादी से 1 लाख 10 हजार रुपए उधार लिए थे। राशि के पुनर्भुगतान के लिए अभियुक्त ने चेक दिया, जिसे निर्धारित समयावधि में बैंक में प्रस्तुत करने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण अनादरित कर दिया गया।

परिवादी की ओर से कानूनी नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद न्यायालय में परिवाद पेश किया गया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायालय ने अभियुक्त को चेक अनादरण के अपराध में दोषसिद्ध घोषित करते हुए एक वर्ष के साधारण कारावास और 2 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड जमा नहीं कराने पर तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतने का आदेश दिया गया।