एलएमबी, जोधपुर स्वीट होम, मातेश्वरी डेयरी और केबीएम का औचक निरीक्षण, नमूने जांच के लिए अजमेर भेजे
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने गुरुवार को शहर के चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर तथा जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के विशेष निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने श्री लक्ष्मी मिष्ठान भंडार (एलएमबी), श्री जोधपुर स्वीट होम, मातेश्वरी डेयरी एवं केबीएम का निरीक्षण किया। इस दौरान घेवर, गुलाब जामुन, कलाकंद, रसगुल्ला एवं घी के नमूने लिए गए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार करने और खाद्य सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह एवं दशरथ सिंह मौजूद रहे।
खाद्य सामग्री खरीदते समय बरतें सावधानी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील की कि त्योहार के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। पैकिंग पर निर्माण तिथि, पैकिंग की तारीख और निर्माता का पूरा विवरण अवश्य जांचें। मिठाई खरीदते समय उसके निर्माण की तारीख की जानकारी भी लें। उन्होंने बताया कि दीपावली को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।