सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बनेंगी बालिकाएं, कंप्यूटर प्रशिक्षण से संवरेंगे भविष्य

लाड़ो प्रोत्साहन व शिक्षा सेतु योजना की दी जानकारी, बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुरा में गुरुवार को महिला अधिकारिता विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी ने छात्राओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर शिक्षा जारी रखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में चौधरी ने लाड़ो प्रोत्साहन योजना एवं शिक्षा सेतु योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इसके तहत पात्र महिलाएं एवं बालिकाएं आरएस-सीआईटी (RS-CIT), आरएस-सीएफए (RS-CFA) और आरएस-सीएसईपी (RS-CSEP) जैसे पाठ्यक्रमों के माध्यम से कंप्यूटर एवं कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं। इससे डिजिटल ज्ञान बढ़ाने के साथ रोजगार के अवसर हासिल करने में भी मदद मिल सकती है।

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को बताया गया कि कम उम्र में विवाह से शिक्षा बाधित होती है तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को जरूरी बताते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के सलाहकार भी उपस्थित रहे।