एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

मेनाल-लाडपुरा के बीच सड़क पार करते समय हुआ हादसा, वन्यजीव सुरक्षा के लिए डिवाइडर बनाने की उठी मांग

शिवलाल जांगिड़

लाडपुरा, स्मार्ट हलचल। कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैंथर की मौत हो गई। हादसा मेनाल और लाडपुरा के बीच उस समय हुआ, जब पैंथर सड़क पार कर रहा था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पैंथर को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग के अनुसार मृत पैंथर की उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष आंकी गई है। रेंजर द्वितीय विमल रैगर ने बताया कि पैंथर का पोस्टमार्टम मांडलगढ़ रेंज में कराया जाएगा। इसके बाद वन विभाग द्वारा अंबा की बावड़ी नर्सरी, मांडलगढ़ में नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बताया गया कि कोटा-चित्तौड़गढ़ एनएच-27 के दोनों ओर घना वन क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में अक्सर सड़क पार करते हैं। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से वन्यजीवों की मौत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि लाडपुरा से मेनाल तक वन क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर वन्यजीव सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिवाइडर अथवा अन्य प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि पैंथर सहित अन्य दुर्लभ वन्यजीव सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होने से बच सकें।