खाकी को मिला महिला सुरक्षा का पाठ, सखी सेंटर की व्यवस्थाओं से रूबरू हुए नए कांस्टेबल

हिंसा पीड़ित महिलाओं की मदद से लेकर कानूनी और चिकित्सा सहायता तक की समझी प्रक्रिया, 181 व 112 हेल्पलाइन की दी जानकारी

अनिल कुमार खीची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।वर्दी की जिम्मेदारी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा एवं न्याय दिलाना भी पुलिस का अहम दायित्व है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस विभाग में नवनियुक्त कांस्टेबलों के दल ने अमृत कौर अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण कर महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान सेंटर प्रभारी प्रतिभा सलोत्री ने कांस्टेबलों को सेंटर की कार्यप्रणाली से अवगत करवाते हुए बताया कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं को यहां एक ही छत के नीचे पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, विधिक सहायता, काउंसलिंग और अस्थायी आश्रय निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं 181 महिला हेल्पलाइन और 112 नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

इस दौरान नवनियुक्त कांस्टेबलों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र तथा बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कांस्टेबलों ने सेंटर के अलग-अलग कक्षों का अवलोकन कर पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और सहायता प्रक्रिया को नजदीक से समझा।

कांस्टेबलों ने भरोसा दिलाया कि फील्ड ड्यूटी के दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता को प्राथमिकता देंगे। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को सखी सेंटर की जानकारी देकर उन्हें सरकारी सहायता से जोड़ेंगे, ताकि संकट की घड़ी में कोई भी महिला अकेली न रहे।

इस अवसर पर सेंटर प्रभारी, काउंसलर, केस वर्कर सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।