अबला नहीं, अधिकारों से सशक्त बनें महिलाएं, मिशन शक्ति के तहत दिया आत्मनिर्भरता का संदेश

सखी केंद्र और महिला हेल्पलाइन 181 की बताई उपयोगिता, सरकारी योजनाओं व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की राह दिखाने के उद्देश्य से गुरुवार को मिशन शक्ति जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की ओर से इंद्रा कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 409 में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं, नीतियों एवं कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही मिशन शक्ति के तहत संचालित वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र), महिला हेल्पलाइन 181 तथा महिला सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित सहायता सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समान अधिकारों के महत्व पर चर्चा करते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर समाज में सशक्त भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।