ऊंटों की आवक में तेजी, अब तक 812 ऊंट पहुंचे पुष्कर पशु मेले में
हरिप्रसाद शर्मा
पुष्कर/ स्मार्ट हलचल|अजमेर अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले में पशुओं की आवक लगातार जारी है। पशु मेला चौकी संभाग की ओर से जारी 13 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार मेले में अब तक कुल 1475 पशुओं की आवक दर्ज की गई है। इनमें राजस्थान के भीतर से 939 तथा राजस्थान के बाहर से 536 पशु पहुंचे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मेले में सबसे अधिक आवक ऊंटों की हुई है। अब तक कुल 812 ऊंट मेले में पहुंच चुके हैं। इनमें राजस्थान के भीतर से 277 तथा राजस्थान के बाहर से 535 ऊंट शामिल हैं।
वहीं अश्ववंश की आवक भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अब तक कुल 661 अश्ववंश मेले में पहुंचे हैं, जिनमें 81 आज की आवक और 580 पूर्व में पहुंचे पशु शामिल हैं। इसके अलावा भैंसवंश के कुल 2 पशु भी दर्ज किए गए हैं।
पशु मेला चौकी संभाग के आंकड़ों के अनुसार 13 नवंबर को एक ही दिन में कुल 630 पशुओं की आवक हुई। इनमें 281 पशु राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से तथा 349 पशु राजस्थान के बाहर से पहुंचे।
पुष्कर मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से पशुपालकों और व्यापारियों का पहुंचना जारी है। आगामी दिनों में पशुओं की आवक और बढ़ने की संभावना के बीच पशु मेला क्षेत्र में रौनक बढ़ने लगी है।