रणवीर सिंह चौहान
नेत्रदान बना परम्परा, भवानीमंडी से 168 वाँ नेत्रदान-
स्मार्ट हलचल/भवानी मंडी|नेत्रदान के माध्यम से हमारी ज्योति मृत्यु के बाद भी जीवित रहकर इस संसार को देखती है। यह नश्वरता से अमरता की ओर एक कदम है। गीता के इसी भाव को लेकर भवानीमंडी में नेत्रदान अब परिवारों की परंपरा बनता जा रहा है।
परिवार ने दिखाई अनुकरणीय पहल
रविवार देर रात्रि को गायत्री परिवार ट्रस्ट भवानीमंडी की मुख्य ट्रस्टी अनुसूईया पाटीदार के निधन के पश्चात परिवार ने उनकी नेत्रदान की इच्छा को पूरा कर परोपकार की अनूठी मिसाल प्रस्तुत की।
इससे पूर्व उनके पति एवं ट्रस्ट के तत्कालीन मुख्य ट्रस्टी स्वर्गीय शिवलालजी पाटीदार का नेत्रदान भी परिवार की पहल से हो चुका है।
पुत्र-पुत्रियों ने लिया निर्णय
भारत विकास परिषद के नेत्रदान प्रभारी एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन के नगर संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि निधन के पश्चात पुत्र विकास पाटीदार तथा पुत्रियां मीनाक्षी एवं अंजना पाटीदार ने माता के नेत्रदान का निर्णय लिया।
दामाद डॉ. शैलेंद्र पाटीदार (वरिष्ठ फिजीशियन, मनासा) द्वारा सूचना देने पर शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ कोटा से ज्योति-रथ द्वारा रात्रि 2 बजे भवानीमंडी पहुंचे और परिवार के सामने नेत्रदान प्रक्रिया संपादित कर कॉर्निया प्राप्त किया। इस दौरान गायत्री परिवार के ट्रस्टी महेश सोनी सहित ट्रस्ट के अधिकांश सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम छोड़कर पहुंचे डॉ. गौड़
जिस समय डॉ. गौड़ को सूचना मिली, उस समय वे अपने स्वसुर राष्ट्रीय कवि विश्वामित्र दाधीच के साथ एक संगीत आयोजन में प्रस्तुति दे रहे थे। सूचना मिलते ही वे कार्यक्रम अधूरा छोड़कर भवानीमंडी के लिए रवाना हुए और समय पर पहुंचकर कॉर्निया संकलित कर दो लोगों के लिए नई नेत्र ज्योति का प्रबंध किया।
कॉर्निया जयपुर भेजा गया
आई बैंक सोसाइटी ऑफ राजस्थान के कोऑर्डिनेटर डॉ. कुलवंत गौड़ के अनुसार अनुसूईया पाटीदार का कॉर्निया अच्छा पाया गया है, जिसे आई बैंक जयपुर भिजवा दिया गया है। वहां से यह दो नेत्रहीनों को नई नेत्र-ज्योति प्रदान करेगा।
भवानीमंडी बना नेत्रदान में मिसाल
नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि 3 वर्ष पूर्व गायत्री परिवार ट्रस्ट के तत्कालीन मुख्य ट्रस्टी एवं पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक शिवलालजी पाटीदार का नेत्रदान हुआ था। उसके पश्चात से उनकी पत्नी अनुसूईया पाटीदार ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी के दायित्व का निर्वहन कर रही थीं।
भवानीमंडी में नेत्रदान अब परंपरा बन चुका है। नगर में 19 परिवार ऐसे हैं, जहां एक से अधिक सदस्य का नेत्रदान हुआ है। यही कारण है कि झालावाड़ जिले का भवानीमंडी कस्बा आज पूरे राजस्थान में नेत्रदान के क्षेत्र में अपनी अनूठी पहचान बना रहा है, जहां शोक की घड़ी में भी परिवार स्वयं आगे आकर नेत्रदान के लिए पहल कर रहे हैं।