अभिमंत्रित सिंदूर और मेहंदी का निःशुल्क वितरण, अखंड सुहाग व पति की दीर्घायु की कामना
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|करवा चौथ के पावन पर्व पर आशापुरा माता मंदिर न्यास की ओर से विवाहित महिलाओं को अभिमंत्रित सिंदूर एवं मेहंदी कोन का निःशुल्क वितरण किया गया। गुरुवार को सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में ब्यावर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। माँ आशापुरा के आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद प्राप्त करने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं।मंदिर न्यास के सह-सचिव सुरेश वैष्णव ने बताया कि शारदीय नवरात्र के नौ दिनों में सिंदूर एवं मेहंदी को विधि-विधानपूर्वक अभिमंत्रित किया गया था। नवरात्र की नवमी पर आयोजित हवन-यज्ञ में महिलाओं के अखंड सुहाग, पति की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न अनुष्ठान के बाद इनका वितरण माँ आशापुरा के आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद के रूप में किया गया।
उन्होंने बताया कि करवा चौथ पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और अटूट दांपत्य संबंधों का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। इसी भावना के अनुरूप मंदिर न्यास की ओर से यह धार्मिक आयोजन किया गया।
प्रसाद वितरण के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्तिभाव का वातावरण बना रहा। अंत में मंदिर न्यास की ओर से समस्त मातृशक्ति को करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए माँ आशापुरा से सभी के सुखी दांपत्य जीवन, अखंड सुहाग और परिवारों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई।