कांग्रेस के घेराव से PWD में हड़कंप, तीन घंटे बाद अधिकारियों ने सौंपा लिखित जवाब

ब्यावर की बदहाल सड़कों पर आर-पार की लड़ाई, चार प्रमुख मार्गों के काम की समय-सीमा तय; चांग-चितार रोड का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।शहर की बदहाल सड़कों, गहरे गड्ढों और वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों का तीन घंटे से अधिक समय तक घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद विभागीय अधिकारियों ने लिखित जवाब देकर विभिन्न सड़क मार्गों के कार्यों की स्थिति और समय-सीमा बताई।

लिखित जवाब में तय की गई कार्यों की समय-सीमा

अधीक्षण अभियंता विजय सिंह मीना एवं अधिशासी अभियंता नरेश सेरसिया की ओर से दिए गए जवाब में चार प्रमुख सड़क मार्गों को लेकर विभाग की स्थिति स्पष्ट की गई। भगत चौराहा से कॉलेज रोड, उदयपुर रोड एवं सेंदड़ा रोड स्थित आईओसी कॉलोनी तक विस्तारीकरण का कार्य शुरू होने के बाद बंद होने की जानकारी दी गई। विभाग ने बताया कि मामले को उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया है। संबंधित मार्गों के दोनों ओर की गलियों में डामर सड़क का कार्य 15 दिसंबर 2026 तक करवाने की बात कही गई है।

दीपावली से पहले सतपुलिया-देलवाड़ा रोड पर राहत का भरोसा

सतपुलिया से देलवाड़ा रोड पर कार्य शुरू होने की जानकारी देते हुए विभाग ने एप्रोच का कार्य दीपावली से पहले करवाकर राहत देने का आश्वासन दिया। साथ ही अविवादित सड़क क्षेत्र में चौड़ीकरण का काम 31 दिसंबर 2026 से पहले पूरा करने की बात कही गई।

चांग-चितार रोड की स्वीकृति जयपुर मुख्यालय में लंबित

सिटी सिनेमा से चांग-चितार रोड की खराब स्थिति को लेकर विभाग ने बताया कि यह नॉन-पेचेबल श्रेणी की सड़क है और इसकी स्वीकृति के लिए प्रकरण जयपुर मुख्यालय भेजा गया है। फिलहाल पेचवर्क संभव नहीं होने की जानकारी दी गई। सड़क की स्थिति को देखते हुए अधिशासी अभियंता नरेश सेरसिया एवं सहायक अभियंता राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वहीं, भगत चौराहा से छावनी रोड होते हुए रास-बाबरा रोड पर शेष पेच मरम्मत का कार्य 15 दिसंबर तक करवाने की बात कही गई।

‘सिर्फ आश्वासन नहीं, सड़क पर काम चाहिए’

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कहा कि ब्यावर की प्रमुख सड़कों की बदहाली के कारण आमजन, ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। गहरे गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्यों से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। कांग्रेस ने जनहित में अधिकारियों से जवाब मांगा और लिखित जवाब प्राप्त किया है। अब विभाग को अपनी घोषित समय-सीमा के अनुसार काम पूरा करना होगा। केवल आश्वासन से जनता की परेशानी दूर नहीं होगी, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सड़क मरम्मत, अधूरे निर्माण कार्यों और लंबित स्वीकृतियों की प्रगति पर नजर रखेगी। तय समय में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता और पार्षद शामिल

प्रदर्शन में खनिज प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कैलाश गहलोत, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष अज़मत काठात, कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एडवोकेट कमल पोपावत, वरिष्ठ नेता सतीश जाग्रत, बृजवल्लभ पाराशर, गोरधन लाल शर्मा, अश्वनी प्रजापति, बशीर मोहम्मद, देवकरण शर्मा, पार्षद कांता ग्वाला, विक्रांत यादव, हनुमान सांखला, जान मोहम्मद, मोहम्मद इमरान, राहुल सामरिया, राहुल भट्ट, रोहित गोयल, मदनमोहन त्रिपाठी, जीवराज जावा, अजय स्वामी, चेतन भट्ट, अरविंद मेवाड़ा, इलियास चीता, मुकेश लखन, अय्यूब गौरी, जगदीश जांगिड़, शकील खिलजी, गुलराज जावा एवं प्रवक्ता वृतन्जय आर्य सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

कांग्रेस कमेटी ने कहा कि विभाग के लिखित जवाब के आधार पर अब सड़क कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखी जाएगी। शहरवासियों को बदहाल सड़कों से वास्तविक राहत दिलाना प्राथमिकता है और तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।