नीरज मीणा
मंडावर (दौसा), 13 जुलाई। स्मार्ट हलचल/मंडावर थाना पुलिस एवं जिला साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनावड़ घाटी में हुई हथियारों के बल पर लूट की वारदात का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 की रात को बनावड़ घाटी के पास बाइक सवार बदमाशों ने जयप्रकाश मीणा और उनके भाई का पीछा कर कट्टे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश दोनों के दो मोबाइल फोन, चांदी की चेन, 3,450 रुपये नकद, मोटरसाइकिल की चाबी तथा अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में 29 जून को मंडावर थाने में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंडावर थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया तथा संदिग्ध अपराधियों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि लूटा गया सामान, वारदात में प्रयुक्त हथियार तथा वाहन बरामद किए जा सकें।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में मंडावर थाना पुलिस एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
