आचार्य पुलकसागर बोले—32 साल में भीलवाड़ा का चातुर्मास सर्वश्रेष्ठ

महेन्द्र नागौरी

पुलक मंच परिवार का 29वां राष्ट्रीय महाधिवेशन संपन्न, 170 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित; प्रवीण चौधरी बने राष्ट्रीय संयोजक

भीलवाड़ा स्मार्ट हलचल|राष्ट्र संत आचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में रविवार को रीको क्षेत्र स्थित ओरियम रिसोर्ट में पुलक मंच परिवार का 29वां राष्ट्रीय महाधिवेशन उत्साह और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। देशभर की 150 शाखाओं से आए 1500 से अधिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 170 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की गई।
आचार्य पुलकसागरजी महाराज ने अपने 32 वर्ष के मुनि जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि अब तक के सभी चातुर्मासों में भीलवाड़ा का चातुर्मास सर्वश्रेष्ठ और नंबर वन रहा है। उनके इस उद्बोधन पर पूरा पांडाल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रवीण चौधरी और उनकी टीम की समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि भीलवाड़ा का यह चातुर्मास हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने पुलक मंच परिवार की भीलवाड़ा शाखा को देश की नंबर वन शाखा बनने का आशीर्वाद भी दिया।
महाधिवेशन में विनोद फंदोत को राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीलवाड़ा के प्रवीण चौधरी को पहली बार राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया। अंतिमा जैन को महिला राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा तन्वी जैन को जोन-4 की महिला महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 70 शाखाओं को सम्मानित किया गया।
इससे पहले भव्य शोभायात्रा, ध्वजारोहण, मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन के साथ अधिवेशन का शुभारंभ हुआ। समापन पर प्रवीण चौधरी ने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का आभार जताया।