थाने के पास ही दिन-दहाड़े बाइक चोरी, पुरानी लूट भी अनसुलझी, कानून व्यवस्था पर सवाल

कस्बे में अपराधियों का आतंक, लूट–चोरी की वारदातो से दहशत ,पुलिस पर उठे गंभीर सवाल

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल।कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और बाइक चोरी की घटनाओं ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। एक के बाद एक हो रही वारदातों से जहां आमजन में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बुधवार को थाने के पास दिनदहाड़े बाइक चोरी

ताजा मामला बुधवार का है, जहां पीपलखेड़ी निवासी हंसराज लोधा की बाइक छीपाबड़ौद मुख्य मार्ग से चोरी हो गई। हंसराज लोधा ने बताया कि वे मकान की छत डालने का मजदूरी कार्य कर रहे थे और बाइक मुख्य मार्ग पर नीम के पेड़ के नीचे खड़ी कर रखी थी। कुछ ही देर बाद बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दी गई। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पुलिस थाने से महज कुछ दूरी पर स्थित है।

24 घंटे बाद भी थानाधिकारी अनजान

घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी थानाधिकारी दीनदयाल वैष्णव ने बाइक चोरी की रिपोर्ट की जानकारी नहीं होने की बात कही, जो पुलिस के उदासीन रवैए को दर्शाता है।

ढाई लाख की लूट अब तक अनसुलझी

ज्ञातव्य रहे कि कुछ दिन पहले कस्बे के कुशवाह मोहल्ले में ₹2.5 लाख की लूट की वारदात हुई थी। उस दौरान तीन नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए थे, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
इसी प्रकार कस्बे के मुख्य बाजार में बाइक सवार दो युवक एक किराना दुकान से तेल का टीन लेकर फरार हो गए थे। यह वारदात भी खुलेआम हुई, लेकिन पुलिस कार्रवाई नदारद रही।
कस्बे में बाइक और मोबाइल चोरी की अनगिनत घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई मामलों में पुलिस मौके पर जाना तो दूर, रिपोर्ट तक दर्ज नहीं करती। जिसके कारण अब फरियादी थाने तक भी नही पहुंचते है।

जनता में आक्रोश, सुरक्षा पर बड़ा सवाल

लगातार हो रही वारदातों और कार्रवाई के अभाव से लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र और मुख्य मार्ग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे।
कस्बे में अपराधियों के बढ़ते हौसले और पुलिस की सुस्ती अब आमजन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।अगर जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।