बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइकें बरामद

तीन आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना से मिली सफलता; जैतारण, निमाज, रास सहित कई क्षेत्रों में चोरी की वारदातों का खुलासा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल। रास थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जैतारण, निमाज, रास सहित आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, बलुपुरा स्थित श्रीकृष्णा पेट्रोल पंप के पास से बाइक चोरी होने के बाद रास थाने में मामला दर्ज कराया गया था। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। वहीं, मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करने की वारदातों का खुलासा हुआ।

अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों से चुराई बाइकें

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जैतारण के तालकिया रोड, राजकीय अस्पताल, महादेव हॉस्पिटल सहित बांजाकुड़ी, बलाड़ा, निबोल, देवरिया और आकेली क्षेत्र से बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 10 बाइकें बरामद की हैं। पुलिस अब बरामद बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ अन्य चोरी की वारदातों का पता लगाने में जुटी है।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई

ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां और जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्र सिंह हाड़ा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। रास थानाधिकारी उपनिरीक्षक पन्नालाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी की बाइकें बरामद करने में सफलता हासिल की।

अन्य वारदातों की जांच जारी

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने कितनी अन्य बाइकें चोरी कीं और चोरी के वाहनों को बेचने या खपाने में कौन-कौन शामिल है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।