कुमारानंद सर्किल पर नारेबाजी को लेकर बढ़ा विवाद, धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप; पुलिस ने संभाला मोर्चा, दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।शहर के चांग गेट स्थित कुमारानंद सर्किल पर रविवार शाम ‘वोट का अधिकार, जीने का अधिकार’ अभियान के तहत निकाली गई रैली के दौरान विवाद हो गया। मजदूर किसान शक्ति संगठन और विहिप कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। नारेबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को सिटी थाने पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, सोशल एक्टिविस्ट निखिल डे और शंकर सिंह के नेतृत्व में मजदूर किसान शक्ति संगठन के कार्यकर्ता सनातन धर्म स्कूल, राठी जी की हवेली से रैली निकालकर कुमारानंद सर्किल स्थित धरना स्थल की ओर जा रहे थे। संगठन एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा था। इसी दौरान रैली की अनुमति और आईडी कार्ड मांगने को लेकर विहिप कार्यकर्ताओं तथा संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई।
रैली के चांग गेट पहुंचने के दौरान विहिप और भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। विवादित नारे लगाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की व मारपीट के आरोप लगे। घटनाक्रम के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। सीओ सिटी नरेंद्र पारीक ने भी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया सिटी थाने पहुंचीं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सिटी और सदर थाने का पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
विधायक शंकर सिंह रावत भी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शंकर सिंह रावत भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक ने बाहर से आए लोगों पर शहर का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। वहीं, विहिप कार्यकर्ताओं ने मजदूर किसान शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने और बिना अनुमति रैली निकालने के आरोप लगाए।
दोनों पक्षों की शिकायत, फुटेज के आधार पर होगी जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से परस्पर शिकायतें मिली हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें।