रास पुलिस ने एसएस की चोरी हुई प्लेटें की बरामद, एक विधि से संघर्षरत बालक को लिया संरक्षण में; दो आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार
अनिल कुमार खींची
ब्यावर/रास। स्मार्ट हलचल।बांगड़ श्रीसीमेंट प्लांट रास में एसएस प्लेट चोरी के मामले में रास थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन माह से फरार आरोपी सलीम को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को विधिक संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने चोरी की गई एसएस प्लेटें भी बरामद कर ली हैं। प्रकरण में दो अन्य आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां एवं जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में रास थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
गश्त के दौरान सामने आया था मामला
पुलिस के अनुसार, बांगड़ श्रीसीमेंट फैक्ट्री के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी चतुर कुमार राव ने 13 जून 2026 को रास थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 12 जून की सुबह फैक्ट्री परिसर में गश्त के दौरान यूनिट-3 स्थित मैकेनिकल स्टोर के पास कुछ व्यक्ति एसएस प्लेटें चोरी करते नजर आए। सुरक्षा कर्मियों को देखकर आरोपी दीवार फांदकर भाग गए। बाद में स्टोर की जांच करने पर वहां रखी 50 प्लेटों में से 15 प्लेटें गायब मिलीं। इस दौरान आरोपियों द्वारा धमकी दिए जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई।
सीसीटीवी व मुखबिर सूचना से मिली सफलता
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी सहायता एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार आरोपी सलीम पुत्र आजाद काठात, निवासी बगतपुरा को गिरफ्तार कर लिया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को विधिक संरक्षण में लिया। पुलिस ने चोरी की एसएस प्लेटें बरामद कर अनुसंधान जारी रखा है।
प्रकरण में अजमद काठात और सुशील को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सलीम के खिलाफ मांगलियावास थाने में पूर्व का आपराधिक मामला भी दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में रास थानाधिकारी पन्नालाल, महावीर सिंह, सुशील, बस्तीराम, नेमाराम, हेमाराम और संजय सहित पुलिस थाना रास की टीम शामिल रही।