रायपुर पंचायत समिति में भाजपा का दबदबा बरकरार, मुकेश कुमावत 10 वोट लेकर बने उप प्रधान

(प्रधान के बाद उपप्रधान पद पर भी भाजपा का कब्जा, कांग्रेस प्रत्याशी अनीता पारीक को मिले मात्र 4 वोट; निर्दलीय धर्मचंद गुर्जर ने नोटा को दिया वोट)

गंगापुर

(दिनेश लक्षकार)

स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति रायपुर में प्रधान पद के चुनाव के बाद उपप्रधान पद के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। भाजपा उम्मीदवार मुकेश कुमावत 10 वोट प्राप्त कर उपप्रधान निर्वाचित हुए। वहीं कांग्रेस की ओर से उपप्रधान पद की उम्मीदवार अनीता पारीक को मात्र 4 वोट मिले। इस चुनाव में भी निर्दलीय उम्मीदवार धर्मचंद गुर्जर ने प्रधान चुनाव की तरह अपना मत नोटा के पक्ष में दिया।रायपुर पंचायत समिति के उपप्रधान चुनाव के परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव परिणाम ने एक बार फिर क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाओं को गर्म कर दिया है। भाजपा ने प्रधान और उपप्रधान दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल कर पंचायत समिति में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली है।
गौरतलब है कि प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार केसर देवी जाट ने भी जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका दिया था। अब उपप्रधान पद पर मुकेश कुमावत की जीत के साथ ही रायपुर पंचायत समिति के दोनों प्रमुख पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया है।

बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा की दोनों पदों पर जीत बनी चर्चा का विषय

रायपुर पंचायत समिति के चुनाव परिणाम की सबसे खास बात यह रही कि पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद पार्टी ने प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर जीत हासिल की। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह परिणाम स्थानीय राजनीतिक समीकरणों, रणनीति और चुनावी प्रबंधन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दोनों पदों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत को क्षेत्रीय विधायक लादूलाल पितलिया के राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। विपरीत परिस्थितियों में भाजपा को मिली इस सफलता से विधायक पितलिया का राजनीतिक कद बढ़ने की चर्चा भी तेज हो गई है।

भाजपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत के बाद पार्टी समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की रणनीति और नेतृत्व की सफलता बताते हुए खुशी जाहिर की।