खजूरी में दो दिन तक सियासी घमासान: प्रधान चुनाव में भाजपा की आशा देवी जीतीं, उपप्रधान पद पर कांग्रेस के हेमराज रेगर का कब्जा

प्रधान चुनाव में वोटिंग को लेकर विवाद के बाद धीरज गुर्जर ने समर्थकों के बीच किया संबोधन, उपप्रधान चुनाव में 9-6 से कांग्रेस की जीत; जीत के बाद भी समर्थकों को किया संबोधित, दूसरे दिन एसपी-विधायक के बीच तीखी बहस

जहाजपुर अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|खजूरी पंचायत समिति के चुनाव में दो दिनों तक राजनीतिक सरगर्मी और हंगामे का दौर जारी रहा। शुक्रवार को प्रधान चुनाव के दौरान कांग्रेस सदस्यों की वोटिंग को लेकर विवाद हुआ। भाजपा की आशा देवी मीणा प्रधान निर्वाचित हुईं। इसके बाद कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। धीरज गुर्जर ने समर्थकों के बीच संबोधन दिया। वहीं शनिवार को उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज रेगर ने 9 वोट हासिल कर निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा मीणा को 3 वोटों से हराया। जीत के बाद धीरज गुर्जर ने फिर समर्थकों को संबोधित किया।

शुक्रवार को प्रधान चुनाव के दौरान खजूरी में राजनीतिक विवाद उस समय बढ़ गया, जब कांग्रेस सदस्यों की वोटिंग को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए। आरोप लगे कि कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों को अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं करने दिया गया। इसी बीच भाजपा की आशा देवी मीणा प्रधान निर्वाचित हुईं। चुनाव परिणाम के बाद धीरज गुर्जर के समर्थक बड़ी संख्या में जमा हो गए। बस के शीशे तोड़े जाने की घटना के बाद सड़क पर भी हंगामा हुआ। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में काफी देर तक प्रदर्शन चलता रहा।

उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस ने पलटा समीकरण

शनिवार को उपप्रधान चुनाव के लिए सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से हेमराज रेगर ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस से निर्वाचित सदस्य मनीषा मीणा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं। भाजपा की ओर से मनीषा मीणा को समर्थन दिया गया। मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज रेगर को 9 और निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा मीणा को 6 वोट मिले। इस तरह हेमराज रेगर ने 3 मतों से जीत दर्ज कर उपप्रधान पद पर कब्जा किया।

जीत के बाद कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर ने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने चुनाव परिणाम के बाद कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखी। समर्थकों की भीड़ और संबोधन के बीच खजूरी का राजनीतिक माहौल एक बार फिर चर्चा में आ गया।

एस्कॉर्ट को लेकर एसपी-विधायक में बहस

उपप्रधान चुनाव के दौरान करीब 11 बजे जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा भी खजूरी पहुंचे। इसी दौरान नामांकन दाखिल कर लौट रहे कांग्रेस सदस्यों की गाड़ी को विधायक गोपीचंद मीणा और उनके समर्थकों ने रोक लिया। विधायक ने बाहरी लोगों को पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने पर सवाल उठाए। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी मौके पर पहुंचे। इसके बाद विधायक और एसपी के बीच तीखी बहस हुई।

इस दौरान एसपी ने विधायक से कहा कि आप जनप्रतिनिधि हैं, गाली-गलौज मत कीजिए। वहीं विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एसपी या पुलिस प्रशासन को कोई अपशब्द नहीं कहे। उनका सवाल बाहर से आए लोगों को एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने को लेकर था।

दो दिन, दो चुनाव और लगातार विवाद

खजूरी पंचायत समिति के चुनाव में शुक्रवार को प्रधान पद और शनिवार को उपप्रधान पद के चुनाव के दौरान राजनीतिक टकराव देखने को मिला। पहले दिन बस में तोड़फोड़ और समर्थकों का प्रदर्शन हुआ तो दूसरे दिन एसपी और विधायक के बीच तीखी बहस चर्चा का विषय बनी। हालांकि उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस ने 9-6 के मतों से जीत दर्ज की।