बीगोद में भाजपा ने फूंका पंचायतीराज चुनाव का बिगुल जिला परिषद-पंचायत समितियों के लिए तैयारियों पर मंथन

बीगोद ।स्मार्ट हलचल|नगर के भेरूनाथ मंदिर परिसर में मंगलवार को मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित जिला परिषद एवं पंचायत समिति मांडलगढ़, बिजौलिया एवं कोटड़ी के सामूहिक कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया।सम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संबंधित वार्ड प्रभारियों से संभावित उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त किए गए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आगामी पंचायतीराज चुनावों में जिला परिषद एवं पंचायत समितियों में भाजपा का परचम लहराने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी मजबूती एवं समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आमजन से संवाद एवं संगठनात्मक संपर्क को मजबूत करें तथा पंचायत चुनावों की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटें। इस अवसर पर पंचायत समिति प्रभारी विजय पोखरना, उप महापौर एवं भीलवाड़ा विधानसभा प्रभारी राधेश्याम सोमानी, जिला परिषद प्रभारी सुनीता कटारिया, पूर्व उप जिला प्रमुख शंकर गुर्जर, नगरपालिका अध्यक्ष लोकेश नागौरी, बिजौलिया मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कुमार बंजारा, मांडलगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा सहित जिला परिषद एवं पंचायत समितियों से संबंधित पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।