ब्यावर पहुंची भाजयुमो की सेवा संकल्प यात्रा, सेवा कार्यों से दिया जनसेवा का संदेश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को ब्यावर पहुंची। यात्रा का भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ एवं विधायक शंकर सिंह रावत ने स्वागत किया। संकल्प कलश रथ के साथ 300 से अधिक बाइक सवारों की रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मोती महल पहुंची।गुरुवार को अम्बेडकर भवन में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा सांसद डॉ. हेमांग जोशी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाइव जुड़े और सेवा यात्रियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सेवा यात्रियों से संवाद किया।

इसके बाद डॉ. हेमांग जोशी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ ने ब्रह्मानंद धाम स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन कराया। बीएम शर्मा महिला राजकीय महाविद्यालय में सेवा वाटिका के तहत 25 पौधे लगाए गए। रोडवेज बस स्टैंड पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर कमलराम मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकीर्ति सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद सेवा संकल्प यात्रा बाइक रैली के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी के नेतृत्व में अजमेर के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता नम्रता सिंह सहित भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी मौजूद रहे।